Home / Updates / “चिनाब-झेलम में उफान, पुलवामा में घर खाली, राजोरी में मां-बेटी की मौत”

“चिनाब-झेलम में उफान, पुलवामा में घर खाली, राजोरी में मां-बेटी की मौत”

जम्मू-कश्मीर पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश से बेहाल है। बाढ़, भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थिति ने कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है, लेकिन अब भी कई इलाके गहरे संकट में फंसे हैं।

राजोरी में मकान ढहा, मां-बेटी की मौत
राजोरी जिले की सुंदरबनी तहसील में एक मकान ढह गया, जिसमें मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। कठुआ जिले में रंजीत सागर डैम का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच चुका है और इसके और बढ़ने का खतरा है। कई मार्ग बंद पड़े हैं। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी उधमपुर में धंसने से बंद हो गया है, जबकि कठुआ का बसोहली मार्ग 12 दिन से और लखनपुर-महानपुर मार्ग एक महीने से ठप पड़ा है।

नदियां रौद्र रूप में, स्कूल-कॉलेज बंद
चिनाब नदी का जलस्तर खतरे से ऊपर 36.5 फीट दर्ज किया गया है, जिसमें 2.55 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज हुआ है। झेलम नदी भी खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी है। कुलगाम, पुलवामा और गांदरबल में घरों और स्कूलों में पानी घुस गया है। हालात देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए हैं और परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों में लगी हैं।

बारिश का आंकड़ा भी डरा रहा है
कश्मीर में काजीगुंड (82 मिमी), कोकरनाग (82.4 मिमी), पहलगाम (64.4 मिमी) और श्रीनगर एयरपोर्ट (42.6 मिमी) बारिश दर्ज की गई। वहीं जम्मू क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश कटरा में 212.1 मिमी रिकॉर्ड की गई है।

लद्दाख में असर, लेकिन आयोजन जारी
लद्दाख में भी मौसम का असर दिखा है और कई सड़कें बंद हो चुकी हैं। इसके बावजूद 23 से 28 सितंबर तक ग्रेट हिमालयन एडवेंचर फेस्टिवल और लद्दाख मैराथन का आयोजन तय समय पर होगा।

केंद्र सरकार की नजर, पीएम दौरे की चर्चा
गृह मंत्री अमित शाह ने हालात की समीक्षा की है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे की चर्चा है। माना जा रहा है कि नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद केंद्र सरकार राहत पैकेज की घोषणा कर सकती है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

Tagged:
[post-views]
Share
Now