विकासनगर में सोमवार रात पुलिस और मानव तस्करी रोधी इकाई (AHTU) ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की। हरबर्टपुर की सोनिया बस्ती में किराये के मकान पर छापा मारकर पुलिस ने देह व्यापार का खुलासा किया। इस दौरान एक युवती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में विकासनगर का हरिकिशोर उर्फ राजकुमार, मकान का केयरटेकर जयनारायण शर्मा, एक स्थानीय ग्राहक विक्की, उत्तर प्रदेश की महिला और हरियाणा की युवती शामिल हैं। मौके से पुलिस को नकदी और आपत्तिजनक सामान भी मिला। सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन हरिकिशोर ही कर रहा था। वह खुद को ग्राहक बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने सच कबूल कर लिया। मकान केयरटेकर जयनारायण ग्राहकों और युवतियों को कमरे मुहैया कराता था, जबकि राजकुमार फोन और गूगल पे के जरिए सौदे तय करता था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।






