‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अब राजनीति और तेज हो गई है। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी को घेरते हुए बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राहुल गांधी जिस वोट चोरी की बात जोर-शोर से उठा रहे हैं, उसी कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा के पास खुद दो सक्रिय मतदाता पहचान पत्र (EPIC नंबर) मौजूद हैं। एक नंबर जंगपुरा विधानसभा (पूर्वी दिल्ली लोकसभा) से जुड़ा है और दूसरा नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र (नई दिल्ली लोकसभा) से। मालवीय के मुताबिक, यह चुनावी कानून का उल्लंघन है और चुनाव आयोग को इसकी तुरंत जांच करनी चाहिए।
मालवीय यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा बिहार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी बिना सबूत दिए ‘फर्जी वोटर्स’ का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि सोनिया गांधी का नाम भी भारत की नागरिकता लेने से पहले मतदाता सूची में दर्ज हो चुका था। मालवीय ने सवाल उठाया—जब सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र में गड़बड़ी के आरोप पहले ही खारिज कर दिए हैं, तो आखिर कांग्रेस बार-बार चुनावी प्रक्रिया पर सवाल क्यों उठा रही है?






