Home / Sports / अफगान पाकिस्तान युद्ध में 03 अफगान क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत का दावा कुल 08 लोगों की गई जान….

अफगान पाकिस्तान युद्ध में 03 अफगान क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत का दावा कुल 08 लोगों की गई जान….

अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हाल ही में हुए एक दुखद हवाई हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में तीन युवा अफगान क्रिकेटर कबीर, सिबघतुल्लाह और हारून समेत आठ लोगों की जान चली गई। ये खिलाड़ी आने वाले महीने में पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला की तैयारियों के लिए शाराना पहुंचे थे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे पाकिस्तान द्वारा किया गया एक कायरतापूर्ण कृत्य बताया और इस दुखद घटना के बाद अफगान टीम ने श्रृंखला से नाम वापस लेने का फैसला लिया है।

साथ ही आपको बता दे की इस घटना ने न सिर्फ खेल जगत को, बल्कि आम नागरिकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। तालिबान प्रशासन ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान ने संघर्ष विराम के बावजूद पक्तिका के अरगुन और बरमल जिलों में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। यह हमला उस समय हुआ जब दोनों देशों के बीच दोहा में वार्ता चल रही थी और युद्धविराम को बढ़ाया गया था। यह एक ऐसा समय था जब लोग शांति की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन बदले में उन्हें फिर से हिंसा और मातम का सामना करना पड़ा।

वही दूसरी ओर, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक सख्त बयान जारी करते हुए कहा कि अब पाकिस्तान, अफगानिस्तान के साथ पुराने रिश्ते नहीं रख सकता। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पाकिस्तान की धरती पर रहने वाले सभी अफगानों को अब अपने वतन लौटना होगा। इतना ही नहीं, उन्होंने अफगानिस्तान पर भारत और प्रतिबंधित संगठन टीटीपी के साथ मिलकर पाकिस्तान के खिलाफ साजिशें रचने का आरोप भी लगाया। इन बयानों और घटनाओं से साफ है कि दोनों देशों के बीच का तनाव अब केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आम लोगों की जिंदगियों को भी निगल रहा है।

रिपोर्ट:- कनक चौहान

Tagged:
[post-views]
Share
Now