गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रावली कला गांव में एक बुजुर्ग पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामला मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव का है, जहां 80 वर्षीय हरपाल अपनी 72 वर्षीय पत्नी उर्मिला के साथ बेटी के घर पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के करीब चार बजे दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर हरपाल ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए।
घटना के समय परिवार के बाकी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, जबकि बुजुर्ग दंपति बाहर चारपाई पर सो रहे थे। हमला इतना खतरनाक था कि उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी सीधे रावली चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत मुरादनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






