अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
8 वर्षों में 14वें-15वें वित्त और मूलभूत योजना की राशि में भारी अनियमितता का दावा, कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच और एफआईआर की मांग
कोरबा//ग्राम पंचायत तिलकेजा में करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। जनपद पंचायत कोरबा के सदस्य किशन लाल कोसले ने कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच कुलसिंह कंवर पर 14वें वित्त, 15वें वित्त एवं मूलभूत योजना की राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक ग्राम पंचायत को 14वें एवं 15वें वित्त सहित विभिन्न मदों में करीब 2 करोड़ 58 लाख 22 हजार 790 रुपये प्राप्त हुए। आरोप है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा विकास कार्यों में खर्च नहीं किया गया, बल्कि फर्जी तरीके से राशि आहरित कर उसका दुरुपयोग किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई निर्माण कार्य कागजों में दिखाए गए, जबकि धरातल पर उनका अस्तित्व नहीं है।
जनपद सदस्य ने आरोप लगाया है कि कई मामलों में एक ही कार्य के लिए दो से तीन बार राशि निकाली गई, जबकि कई स्वीकृत कार्य शुरू तक नहीं हुए। शिकायत में दावा किया गया है कि मूलभूत योजना की लगभग 32 लाख रुपये की राशि का भी कोई कार्य नहीं कराया गया और पूरा भुगतान निकाल लिया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि इतनी बड़ी राशि का सही उपयोग होता तो ग्राम पंचायत तिलकेजा में आज मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं रहती। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत विकास के नाम पर सरकारी धन का निजी हित में इस्तेमाल किया गया, जिससे ग्रामीणों के विकास कार्य प्रभावित हुए।
जनपद सदस्य ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, कथित गबन की राशि शासन के खाते में वापस जमा कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर पूर्व सरपंच के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। शिकायत की प्रतिलिपि जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।






