विशेष अभियान 6.0 के तहत सक्ती जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं महिला-बाल विकास विभाग के कार्यालयों में स्वच्छता का दिया गया संदेश
सक्ती, 30 अक्टूबर 2026। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत विशेष अभियान 6.0 (Special Campaign 6.0) के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सक्ती जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में 30 अक्टूबर को जिले के समस्त परियोजना कार्यालयों सहित विभिन्न विभागीय संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान आयोजित किया गया।
इस अभियान में सखी वन स्टॉप सेंटर सक्ती, महिला सशक्तिकरण केंद्र, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यालय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।
इसके साथ ही कार्यालयों में रखे अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने तथा अनुपयोगी सामग्री का उचित निस्तारण करने की गतिविधियां भी संचालित की गईं। अभियान का उद्देश्य शासकीय कार्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर कार्य वातावरण तैयार करना था।
इस अवसर पर स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाते हुए लोगों को अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने तथा स्वच्छ परिसर और स्वस्थ समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट






