लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर। कला संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को समस्तीपुर कॉलेज परिसर में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने गायन, वादन, नृत्य, वक्तृता सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कला एवं संस्कृति हमारी समृद्ध विरासत, परंपरा और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से जिले के युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उसे निखारने का बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति देने की बात कही।
उत्सव के दौरान प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों से समस्तीपुर कॉलेज परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा। गायन एवं वादन में सुरों की प्रस्तुति, नृत्य में सांस्कृतिक विविधता और वक्तृता में प्रतिभागियों की अभिव्यक्ति क्षमता देखने को मिली। विभिन्न विधाओं में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने कहा कि युवा उत्सव के माध्यम से जिले की कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, आयुक्त गौतम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, अधीक्षक मद्य निषेध मनोज कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
मंच संचालन अनंत कुमार राय ने किया। दो दिवसीय युवा उत्सव जिले के युवा कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर बन रहा है।









