बरेली । थाना कैंट पुलिस ने अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून की रात गश्त के दौरान सूचना मिलने पर मोहनपुर मजार के पास तिराहे से कय्यूम कुरैशी (38) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से पीलीभीत जनपद का निवासी है और वर्तमान में कैंट क्षेत्र के जिरिया निजावत खां में रह रहा था।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक नाजायज 12 बोर तमंचा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बिना पुलिस सत्यापन के किराये के मकान में रह रहा था। इस मामले में मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस की निगरानी से बचने के लिए छिपकर रह रहा था। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।





