मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
जिला समाहरणालय सभागार, बांका में जीविका दीदियों ने लाइव शुभारंभ कार्यक्रम को देखा
महिलाओं को सशक्त और समृद्ध बनाने हेतु बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की है। इस योजना से महिलाओं को स्वावलंबन, रोजगार और उद्यमिता का अवसर मिलेगा।
रविवार को इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार सरकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर इस योजना के प्रसार-प्रचार हेतु 250 जागरूकता रथों को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर राज्य के सभी जिलों के लिए रवाना किया।
बांका जिले में महिला रोजगार योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखने हेतु जिला समाहरणालय सभागार, बांका में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दो सौ से अधिक जीविका दीदियों ने शुभारंभ कार्यक्रम को देखा।
उक्त कार्यक्रम में नवनीत शुक्ला जिला पदाधिकारी बांका, बृजकिशोर लाल, उप विकास आयुक्त, श्रीनिवास, निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, बांका, राकेश कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका सहित कई अधिकारियों एवं जीविका कर्मियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नवनीत शुक्ला ने महिला रोजगार योजना के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए राशि के सही उपयोग हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशि स्थानांतरण में पूरी तरह पारदर्शिता होगी और जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों के खाते में तुरंत 10 हजार रुपए की राशि हस्तांतरित होगी।
बांका जिले में महिला संवाद कार्यक्रम के तहत कुल *5 जागरूकता रथ संचालित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों में *210 ग्राम संगठनों द्वारा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संवाद कार्यक्रम 7 सितम्बर से 26 सितम्बर 2025 तक आयोजित होंगे और प्रत्येक ग्राम संगठन स्तर पर दीदियों एवं ग्रामीणों को महिला रोजगार योजना के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण चौपालों, पंचायत भवनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं को जागरूक किया जाएगा और लघु वीडियो फ़िल्मों के माध्यम से योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका







