बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र के मोहल्ला खलीलपुर निवासी मंजू साहू ने अपने सास-ससुर और ननदों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मंजू साहू का कहना है कि उनके पति सत्यपाल साहू का लगभग तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पति की मृत्यु के बाद सास रामवेटी, ससुर छेदालाल तथा ननद हेमा और सीमा उन्हें घर से निकालने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ और उनकी दो पुत्रियों के साथ मारपीट की गई।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि सास-ससुर ने उनके हिस्से की बिजली काट दी, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने नाम से अलग बिजली कनेक्शन कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं मिल सका। साथ ही आरोप है कि ससुराल पक्ष अब उनसे घर में रहने के बदले प्रति माह 5 हजार रुपए किराया भी मांग रहे है।
मंजू साहू ने बताया कि वह सिलाई का कार्य कर किसी तरह अपनी और अपनी दो बेटियों का भरण-पोषण कर रही हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी थाना सीबीगंज में प्रार्थना-पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
विधवा महिला ने सास-ससुर और ननदों पर उत्पीड़न का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग





