Home / News / कौन होगा अगला उपराष्ट्रपति? बीजेपी के 8 चेहरे रेस में शामिल; देखें लिस्ट….

कौन होगा अगला उपराष्ट्रपति? बीजेपी के 8 चेहरे रेस में शामिल; देखें लिस्ट….

देश में जल्द ही नए उपराष्ट्रपति का चुनाव होने वाला है, और अब जब वोटिंग में एक महीने से भी कम समय बचा है, तो सियासी हलचल तेज़ हो गई है। बीजेपी और एनडीए गठबंधन के अंदरूनी हलकों में कई बड़े नामों पर चर्चा हो रही है कि किसे इस अहम पद की ज़िम्मेदारी सौंपी जाए।

ये नाम सबसे आगे हैं रेस में
खबरों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति पद के लिए जिन नेताओं के नाम सबसे ज़्यादा सुर्खियों में हैं, उनमें दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इनके अलावा गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, सिक्किम के ओम माथुर और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी दौड़ में शामिल हैं।

इतना ही नहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े वरिष्ठ नेता शीशाधारी चारी और राज्यसभा के मौजूदा उपसभापति हरिवंश का नाम भी चर्चा में है खासकर बिहार चुनाव को ध्यान में रखते हुए।

बीजेपी ने दिया साफ संदेश
बीजेपी ने पहले ही यह साफ कर दिया है कि अगला उपराष्ट्रपति उन्हीं की पार्टी से होगा। पिछले कुछ हफ्तों में कई राज्यपालों और उपराज्यपालों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकातें की हैं जिससे अटकलें और तेज़ हो गई हैं। 9 सितंबर को वोटिंग होनी है, और उससे पहले नाम को लेकर अंतिम फैसला जल्द ही होने की उम्मीद है।

कौन करेगा उम्मीदवार का चयन?
21 जुलाई को तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने निजी स्वास्थ्य कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था। अब नया चेहरा चुनने की जिम्मेदारी सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को सौंपी गई है। मंगलवार को एनडीए की एक अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें पीएम मोदी सभी सांसदों से सीधे बातचीत कर सकते हैं। चूंकि उपराष्ट्रपति पद के लिए लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों के सांसद वोट डालते हैं, इसलिए सभी की राय अहम मानी जा रही है।

रिपोर्ट:- कनक चौहान

Tagged:
[post-views]
Share
Now