भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ रोमांचक अंदाज़ में 2-2 से बराबर रही, लेकिन इस सीरीज़ में अगर किसी एक खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, तो वो हैं मोहम्मद सिराज। ओवल टेस्ट में भारत को महज़ 6 रन से मिली सांसें रोक देने वाली जीत के असली हीरो सिराज ही थे, जिन्होंने मैच में कुल 9 विकेट झटक कर इंग्लिश बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी। यही नहीं, पूरी सीरीज़ में उन्होंने 23 विकेट चटकाकर सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ का तमगा भी हासिल किया।
सबसे दिलचस्प बात ये है कि सिराज जब भी किसी टेस्ट की एक पारी में पांच विकेट लेते हैं, भारत वह मैच कभी हारता नहीं। अब तक उन्होंने 5 बार ऐसा कारनामा किया है — जिसमें से 4 मैच भारत ने जीते और एक ड्रॉ रहा। इंग्लैंड में तो सिराज का जादू अलग ही स्तर का रहा है। भारत की जितनी भी टेस्ट जीतें वहां हुई हैं, उनमें सिराज का योगदान सबसे ज़्यादा रहा है — 4 मैचों में 25 विकेट उनके नाम। चाहे 2021 का लॉर्ड्स हो या 2025 का एजबेस्टन और ओवल टेस्ट — हर बार सिराज ने सामने वाली टीम को हिला कर रख दिया। तेज़ गेंदबाज़ी का ये ‘हैदराबादी अंदाज़’ अब भारत की जीत का पर्याय बन चुका है।






