SCO समिट के मंच पर सोमवार को एक दिलचस्प पल देखने को मिला। ग्रुप फोटो के लिए जब दुनिया के बड़े नेता इकट्ठा हुए, तो सबसे ज्यादा नज़रें टिकीं थीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर। दोनों के बीच की पुरानी दोस्ती और गर्मजोशी कैमरे के सामने साफ झलक रही थी। मुस्कान के साथ अभिवादन, साथ-साथ आगे बढ़ना यह तस्वीर कूटनीति से कहीं ज़्यादा रिश्तों की सहजता दिखा रही थी।
उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पास खड़े तो ज़रूर थे, लेकिन उन पर शायद ही किसी की नज़र गई। वीडियो में साफ दिखा कि मंच पर जहां मोदी और पुतिन हंसते-बोलते आगे बढ़ रहे थे, वहीं शरीफ लगभग अनदेखे से रह गए।
इस बार के समिट में क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार और आर्थिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है। भारत इस मंच का इस्तेमाल पड़ोसी और मध्य एशियाई देशों से रिश्तों को और गहराई देने के लिए कर रहा है। लेकिन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा उसी पल की हो रही है, जब मोदी और पुतिन की दोस्ताना बॉडी लैंग्वेज सुर्खियां बन गई और शरीफ किनारे खड़े रह गए।






