नावकोठी.लगातार हो रही बारिश के कारण नावकोठी प्रखंड की विष्णुपुर पंचायत अंतर्गत सैदपुर पोखर से गौरीपुर जाने वाला मुख्य संपर्क पथ क्षतिग्रस्त हो गया था.पथ में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था.ग्रामीणों को स्कूल,अस्पताल और बाजार जाने में भारी परेशानी हो रही थी.
समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने पहल कर पथ की मरम्मत का निर्णय लिया.इस काम में समाजसेवी संजीव सिंह ने अहम भूमिका निभाई.उन्होंने अपने निजी कोष से पथ में ईंट-मिट्टी डलवाकर उसे चलने योग्य बनवाया.
संजीव सिंह के इस प्रयास से अब ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत हुई है.पथ के दुरुस्त होने से बच्चों के स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में आ रही दिक्कतें दूर हुई हैं.
पथ के ठीक होने पर पूरे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है.ग्रामीणों ने समाजसेवी संजीव सिंह के इस सराहनीय कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की है. लोगों ने कहा कि सरकारी मदद के इंतजार में समय बर्बाद करने की बजाय समाजसेवी के सहयोग से समस्या का समाधान संभव हो पाया.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस कच्चे पथ को जल्द से जल्द पक्का किया जाए ताकि बरसात में भी लोगों को परेशानी न हो.मौके पर देवनारायण महतो,मो शोहराब,सुशील कुमार,मो हदीस,रामदेव महतो आदि उपस्थित थे.








