आने वाले दिनों में बारिश लोगों के लिए और परेशानी खड़ी कर सकती है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की आशंका जताते हुए कई जिलों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, हाइड्रोमेट डिवीजन ने बाढ़ का खतरा देखते हुए चेतावनी भी दी है। इस बीच राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को चिट्ठी लिखकर सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।
1 सितंबर को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में बहुत तेज बारिश की संभावना है, इसलिए यहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 2 सितंबर को भी देहरादून, चमोली और बागेश्वर में भारी बारिश का अनुमान है, जिस वजह से रेड अलर्ट रहेगा, जबकि दूसरे जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा।

3 सितंबर को भी मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन परिचालन केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर के जिलाधिकारियों से कहा है कि वे पूरी सतर्कता बरतें और हालात पर कड़ी नजर रखें।






