भारी बारिश के अलर्ट के चलते चमोली ज़िले में बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। डीएम संदीप तिवारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। मौसम विभाग ने 12, 13 और 14 अगस्त को तेज बारिश की चेतावनी दी है। इसी कारण रुद्रप्रयाग ज़िले में केदारनाथ यात्रा भी तीन दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है।
डीएम प्रतीक जैन के मुताबिक सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड पर रखा गया है। वार्निंग सिस्टम की जांच की गई है और नदी किनारे बसे लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की गई है। हाईवे के ख़तरनाक हिस्सों पर 24 घंटे जेसीबी और पोकलेन मशीनें तैनात हैं, ताकि रास्ता बंद होने पर तुरंत खोला जा सके। पुलिस, लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन टीमें लगातार नज़र बनाए हुए हैं और नदी के जलस्तर की बारीकी से निगरानी की जा रही है।






