सीतापुर जिले के सिधौली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भंडिया चौकी इंचार्ज मणिकांत श्रीवास्तव और उनके हमराही पर आरोप है कि उन्होंने मंगलवार देर रात दुकान के बाहर सो रहे 26 वर्षीय युवक सत्यपाल यादव को बेरहमी से पीटा। लाठी, लात और घूंसों की मार झेलने के बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की खबर मिलते ही गुस्साए परिजन और ग्रामीण महमूदाबाद मार्ग पर उतर आए और सड़क जाम कर दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया। मृतक के पिता की तहरीर पर चौकी इंचार्ज और सिपाही के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। इस मामले पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।






