उत्तर प्रदेश भाजपा को आज नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है और तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही यह तय हो गया कि पंकज चौधरी ही पार्टी की कमान संभालेंगे, क्योंकि उनके अलावा किसी और ने दावेदारी नहीं की। आज दोपहर 1 बजे लखनऊ में औपचारिक ऐलान होगा, जहां केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। इस मौके पर एक बड़े ‘मेगा इवेंट’ का आयोजन किया गया है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के फैसले के पीछे भाजपा की साफ राजनीतिक रणनीति नजर आती है। पूर्वांचल के कद्दावर नेता और सात बार के सांसद रहे चौधरी के जरिए पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पिछड़े वर्गों को साधने और विपक्ष के पीडीए समीकरण में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। साथ ही कुर्मी वोट बैंक को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को यह संदेश देने की रणनीति भी साफ दिखती है कि भाजपा अपने मजबूत संगठनात्मक चेहरों और पुराने काडर को कभी नजरअंदाज नहीं करती।






