भाजपा नेता से विवाद के बाद पीड़ित ने मकान बिकाऊ का पोस्टर लगाया है। पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों के बीच डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था।
आगरा के यमुनापार के नगला फतूरी में रहने वाले सतीश राजा का भाजपा की महिला पदाधिकारी से तेज आवाज में डीजे बजाने से मना करने पर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि पुलिस को बुलाना पड़ा। अब पीड़ित परिवार भाजपा नेता से परेशान होकर घर बेचकर जाना चाहता है। उसने मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पड़ोसियों का विवाद है। जांच की जा रही है।
सतीश राजा का कहना है कि भाजपा की जिला इकाई की पदाधिकारी का पड़ोस में मकान है। उन्होंने विजयदशमी पर भंडारे का आयोजन किया था। देर रात तक डीजे बजाया गया। रात्रि 12 बजे के बाद भी डीजे बंद नहीं हुआ तो तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर उन्होंने भाजपा नेता से बंद कराने को कहा। राजा का आरोप है कि इस पर भाजपा नेता के परिवार के लोगों ने मोहल्ला छोड़कर जाने को कहा और धमकाया। पुलिस को भी बुला लिया।
जांच कर रही पुलिस
राजा ने बताया कि मजबूरी में परिवार ने मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा दिया है। लगता है कि वह अब यहां नहीं रह पाएंगे। इस संबंध में थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि पड़ोसियों का विवाद है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा का कहना है कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। आपसी विवाद का बातचीत कर हल निकाला जाएगा।