Home / Local / गांव-गांव प्रशासन की चौपाल ग्राम पंचायत तिलकेजा में क्यूआर कोड से पारदर्शिता,50 से अधिक ग्रामीण समस्याओं का त्वरित समाधान

गांव-गांव प्रशासन की चौपाल ग्राम पंचायत तिलकेजा में क्यूआर कोड से पारदर्शिता,50 से अधिक ग्रामीण समस्याओं का त्वरित समाधान

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर 19 दिसम्बर शुक्रवार को जनपद पंचायत कोरबा की ग्राम पंचायत तिलकेजा में “सुशासन सप्ताह– प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों के राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, स्वास्थ्य और नरेगा सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 50 से अधिक आवेदन मिले, जिनमें से कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया। शिविर के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र हितग्राही तक पहुँचे और प्रत्येक प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। यह अभियान 19 से 25 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ना और समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने कहा कि यह शिविर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एवं सेवा एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने का सशक्त माध्यम है। वहीं जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं महात्मा गांधी नरेगा में पारदर्शिता के लिए ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण इन कोड को मोबाइल से स्कैन कर मजदूरी भुगतान, किश्त, निर्माण स्थिति और कार्य स्वीकृति की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। शिविर में महिला एवं बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि बीज वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा उपलब्धता और परामर्श जैसी सेवाएँ प्रदान की गईं।जनप्रतिनिधियों, पंचायत सदस्यों, विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को सामग्री एवं दस्तावेज भी वितरित किए गए। ग्रामीणों ने तत्काल समाधान एवं पारदर्शी व्यवस्था के लिए प्रशासन की पहल की सराहना की।

Tagged:
[post-views]
Share
Now