Join Us

INDIA गठबंधन की बैठक का आज दूसरा दिन! Logo करेंगे लॉन्च संयोजक भी आज होगा…..

मुंबई में गुरुवार को शुरू हुई विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक का आज दूसरा दिन है। इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के नेताओं की आज होने वाली औपचारिक बैठक में गठबंधन के संयोजक और लोगो पर फैसला हो सकता है। मुंबई के होटल ग्रैंड हयात में पहले दिन की बैठक में 11 सदस्यीय समन्वय समिति बनाने पर सहमति बनी।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, अरविंद केजरीवाल सहित छह मुख्यमंत्री और 28 दलों के 60 से ज्यादा नेता शामिल हुए हैं। दिन में नेताओं के बीच मेल-मिलाप का दौर चला। शाम को गठबंधन के एजेंडे और समन्वय समिति बनाने पर चर्चा हुई। तय किया गया कि समिति हर राज्य का दौरा कर वहां के राजनीतिक हालात का अध्ययन करेगी। उसके बाद सीट बंटवारे पर फैसला किया जाएगा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चह्वाण ने कहा, विपक्षी गठबंधन के संयोजक पर शुक्रवार को निर्णय होगा। शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने रात्रिभोज की मेजबानी की। बैठक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने दावा किया कि वे संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए साथ आए हैं। बैठक में 11 सदस्यीय समन्वय समिति बनाने पर सहमति बनी।

सत्तारूढ़ दल को आईना दिखाएगा इंडिया…
विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेेताओं ने कहा कि वे सभी देश में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हुए हैं। भाजपा से मुकाबले के लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करेंगे। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि देश की एकता और संप्रभुता मजबूत करना तथा संविधान व लोकतंत्र की रक्षा करना समय की मांग है। मोदी सरकार गरीबी, बेरोजगारी और किसानों के कल्याण के मुद्दों को संबोधित करने में विफल रही है। राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि देश को मरहम की जरूरत है और यह गठबंधन देश के पुनर्निर्माण तथा सत्तारूढ़ दल को आईना दिखाने के लिए है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, देश के युवा रोजगार चाहते हैं, लोग महंगाई से छुटकारा चाहते हैं, लेकिन मोदी सरकार सिर्फ एक आदमी के लिए काम कर रही है।

Share
Now