समाहरणालय सभागार, बांका में फील्ड ट्रेनरों के लिए आयोजित जनगणना प्रशिक्षण के अंतिम बैच का अंतिम दिवस शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 मार्च से शुरू होकर 28 मार्च तक तीन दिनों तक चला।
प्रशिक्षण के दौरान प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किए जाने वाले मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित सभी कार्यों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, सूचनाओं की गोपनीयता एवं सुरक्षा, कार्य निष्पादन की नैतिकता तथा HLO मोबाइल एप के प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन सभी प्रशिक्षुओं ने घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से डेमो अभ्यास करते हुए जनगणना कार्य की वास्तविक प्रक्रिया का अभ्यास किया, जिससे उन्हें फील्ड में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
इस प्रशिक्षण का संचालन मुख्य प्रशिक्षक प्रमोद कुमार चौधरी, आईटी मैनेजर द्वारा किया गया। इस अवसर पर निदेशालय स्तर के मास्टर ट्रेनर रविंद्र कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी हरे राम प्रसाद, प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी , जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा प्रशिक्षण कोषांग के सदस्य संतोष कुमार रजक, रवि शंकर रवि और प्रीतम कुमार चौधरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को आगामी जनगणना कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न करने के लिए प्रेरित किया गया। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका
समाहरणालय सभागार बांका में जनगणना प्रशिक्षण का अंतिम बैच सफलतापूर्वक सम्पन्न






