समस्तीपुर। राज्य के गन्ना किसानों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने समस्तीपुर जिले की हसनपुर चीनी मिल में विधिवत पूजा-अर्चना कर पेराई सत्र की शुरुआत की। इस दौरान मंत्री ने मौजूद किसानों को अंगवस्त्र, मिठाई देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “किसानों की मुस्कान ही देश की तरक्की का आधार है।”
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने किसानों से गन्ना उत्पादन बढ़ाने की अपील की और आश्वस्त किया कि सरकार गन्ना उद्योग को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके बाद उन्होंने समस्तीपुर डीएम और गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में किसानों को मिलने वाली सुविधाओं, मिल संचालन तथा गन्ना खेती को प्रोत्साहन देने से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मंत्री संजय पासवान ने मिल परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रबंधन को पेराई सत्र को सफल बनाने के निर्देश भी दिए। मिल प्रशासन ने भी आश्वासन दिया कि इस सत्र में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।







