राजस्थान के खैरथल तिजारा ज़िले के किशनगढ़बास कस्बे में एक खौफनाक मंजर ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। आदर्श कॉलोनी में एक मकान की छत पर रखे नीले ड्रम से उठती दुर्गंध ने रहस्य से परदा उठाया जब पुलिस ने ड्रम खोला तो अंदर एक युवक की लाश मिली, जिसे नमक डालकर छिपाने की कोशिश की गई थी।
जो मजदूरी करने आया, वो हमेशा के लिए खामोश हो गया
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले हंसराज उर्फ सूरज के रूप में हुई है। वह हाल ही में अपने परिवार के साथ रोज़ी-रोटी की तलाश में किशनगढ़बास आया था और एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। लेकिन किसी को क्या पता था कि कुछ ही हफ्तों में उसकी जिंदगी यूं अचानक खत्म हो जाएगी।

अब सब लापता
हंसराज इस किराए के मकान में अपनी पत्नी और तीन छोटे बच्चों बड़ा बेटा हर्षल, बेटी नंदिनी और छोटा बेटा गोलू के साथ रह रहा था। लेकिन अब न सिर्फ हंसराज नहीं रहा, बल्कि उसका पूरा परिवार भी घटना के बाद से गायब है। इतना ही नहीं, मकान मालिक का बेटा भी अचानक लापता हो गया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि जिस तरह शव को ड्रम में नमक के साथ छिपाया गया, उससे यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। किशनगढ़बास के डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण और थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत की अगुवाई में पुलिस टीम जांच में जुटी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है और मृतक के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
कस्बे में पसरा सन्नाटा,
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में खौफ और सन्नाटा पसरा हुआ है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि एक मजदूर, जो चुपचाप अपने बच्चों के साथ जी रहा था, उसकी जिंदगी अचानक कैसे इतनी दर्दनाक बन गई।






