अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
करतला//पीएम श्री सेजेस करतला में विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्व प्रथम समस्त शिक्षकों का आत्मीय स्वागत करते मंच तक लाया गया। जिसमें प्राचार्य एवं शिक्षक शिक्षिकाओं को फीता कटवा कर प्रवेश कराया गया। कतार बद्ध बच्चों द्वारा करतल ध्वनि करते अतिथियों को मंच तक लाया गया मंचासीन करने के बाद क्षेत्रीय पऱपरानुसार हाथ धुलाकर, तिलक एवं बैच लगाकर स्वागत किया गया ।
तत्पश्चात सर्वपल्ली डॉ राधाकृष्णन के जन्मदिन पर प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने केक काटकर शिक्षक दिवस का सेलिब्रेशन किया ।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए बच्चों ने शिक्षकों के लिए एक खेल का आयोजन किया जिसमें म्यूजिक के बजते तक गुब्बारा पास करना था और म्यूजिक बंद होते ही जिनके पास गुब्बारा होता उसे चिट निकाल कर उसमें लिखे शब्द के अनुसार गीत, डांस, चुटकुला आदि करके दिखाना होता । इस क्रिया कलाप में प्रायः सभी शिक्षक शिक्षिकाओं को मिले चिट के अनुसार किसी ने डांस, तो किसी ने गायन, किसी ने चुटकुले की प्रस्तुति देकर बच्चों का मन रखा।
दूसरे गतिविधि में कुर्सी दौड़ कराया गया जिसमें भी शिक्षकों और छात्रों ने खूब आनंद लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने गुरु की महत्ता का वर्णन किया जिसमें मनोज तिग्गा, मनोज पाठक, शालिनी हरदहा पटेल और नीलिमा पटेल शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी श्री गणेश यादव ने साइबर जागरूकता की जानकारी देकर शिक्षक दिवस की सेल्फी ली । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य दुबराज सिंह राठिया ने सर्वपल्ली डॉ राधाकृष्णन के अनछुए पहलुओं पर चर्चा किया जिसमें उन्होंने बताया कि तत्कालीन रूसी तानाशाह जोसेफ स्टालिन से राधाकृष्णन जी की हुई बातें जिसमें उनको एक कहानी बताई कि कलिंग विजय में अपार जनहानि के बाद सम्राट अशोक ने शस्त्र त्याग कर शांति के प्रचार-प्रसार में अपना जीवन झोंक दिया उन्होंने स्टालिन से इशारे ही इशारे में कहा पता नहीं भविष्य में आपका क्या होगा ? सर्वपल्ली डॉ राधाकृष्णन की लोकप्रियता की चर्चा करते हुए उन्होंने आगे बताया कि जब प्रोफेसर रहते उनका स्थानांतरण हुआ तो उनके विद्यार्थियों ने बग्घी में खुद जुतकर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया ।
कार्यक्रम के अंत में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को अनुपम उपहार नाम छपा कलम व चाकलेट भेंटकर सम्मानित किया और आशीर्वाद लिया। इस प्रकार बच्चों द्वारा आयोजित शिक्षक दिवस के कार्यक्रम बहुत ही बेहतरीन ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन अनिमा अगरिया और रागिनी पटेल कक्षा बारहवीं ने किया। इस अवसर पर समस्त स्टाफ सहित अंग्रेजी हिंदी माध्यम विद्यालय करतला के बच्चे उपस्थित थे।










