लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर/विभूतिपुर । सिंघियाघाट,दलसिंहसराय रोड,गर्ल्स हाई स्कूल के सामने स्थित डिजायर इंस्टीट्यूट में शिक्षक दिवस के अवसर पर भावपूर्ण एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का अनूठा प्रदर्शन किया। शिक्षकों के वर्ग कक्ष में प्रवेश करने से पहले ही छात्र-छात्राओं ने चंदन लगाकर, आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस आत्मीय सम्मान से शिक्षक भी भावुक नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक सत्यनारायण महतो ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद संस्थान के सभी शिक्षकों ने सामूहिक रूप से केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां मनाईं।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक सत्यनारायण महतो, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं बायोलॉजी शिक्षक विकास भारती तथा संस्थान के फाउंडर एवं फिजिक्स शिक्षक आदर्श भारती सहित अन्य शिक्षकों ने शिक्षक और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन एवं शिक्षा के प्रति उनका समर्पण सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें उपहार भी भेंट किए। विद्यार्थियों के इस स्नेह और सम्मान से समारोह का माहौल भावनात्मक एवं खुशनुमा हो गया।
मौके पर शिक्षक श्याम कुमार, गौतम कुमार, नीतीश कर्ण, सुमन कुमार, विजय विक्टर, अमन कुमार, चंदन कुमार,प्रेम प्रकाश, नीतू कुमारी एवं नागेश्वर कुमार सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीय संबंधों की खूबसूरत मिसाल बन गया।













