Home / News / शिक्षक से माफी मांगने पर भड़का छात्र, पुलिस चौकी में हंगामा; पुलिस पर हमला, एक हिरासत में

शिक्षक से माफी मांगने पर भड़का छात्र, पुलिस चौकी में हंगामा; पुलिस पर हमला, एक हिरासत में

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में शिक्षक से अभद्रता और शिक्षिका से कथित छेड़छाड़ के मामले में समझौते के दौरान पुलिस चौकी में उस समय हंगामा हो गया, जब छात्र से शिक्षक से माफी मांगने को कहा गया। आरोप है कि छात्र ने शिक्षक को धक्का देने के साथ पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। चौकी फूंकने की धमकी की सूचना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, ग्राम मानपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय का कक्षा आठ का एक छात्र आए दिन शिक्षकों से अभद्र व्यवहार करता था।

स्कूल प्रशासन ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

आरोप है कि छात्र अपने दो साथियों के साथ गांव की पुलिया पर पहुंचा, जहां उसके एक साथी ने शिक्षक के साथ मारपीट की।

इसी दौरान बस का इंतजार कर रही एक शिक्षिका से भी कथित छेड़छाड़ की गई।

चौकी में बिगड़े हालात

घटना के बाद शिक्षक ने नारायण नगला पुलिस चौकी में तहरीर दी।

चौकी प्रभारी अंकित बघेल ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का प्रयास कराया।

पुलिस ने छात्र से शिक्षक से माफी मांगने के लिए कहा।

आरोप है कि छात्र माफी मांगने के बजाय भड़क गया और शिक्षक को धक्का दे दिया।

पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी हाथापाई की गई।

धमकी के बाद मचा हड़कंप

हंगामे के बीच किसी ने पुलिस चौकी फूंकने की धमकी दे दी।

सूचना मिलते ही सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने चौकी परिसर से भीड़ हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

छात्र और उसके अन्य साथियों की तलाश में उनई मकरूका गांव सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पर हमला करने वाले युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और पूरे मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:
[post-views]
Share
Now