मऊ की घोसी सीट से सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन ने पूरे राजनीतिक जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। 67 साल की उम्र में मेदांता अस्पताल, लखनऊ में उनका निधन हुआ। बेटे डॉक्टर सुजीत सिंह ने इस दुखद खबर की पुष्टि की, जिसके बाद उनके समर्थकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।बताया जा रहा है कि 17 नवंबर को दिल्ली में उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। तबियत सुधरने के बजाय और खराब होती गई, जिसके बाद उन्हें मंगलवार को लखनऊ शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत ने घोसी ही नहीं, पूरे पूर्वांचल की राजनीति में एक खालीपन छोड़ दिया है।






