Home / Updates / मानसून सत्र से पहले सोनिया का मास्टरप्लान! 15 जुलाई को कांग्रेस में मंथन….

मानसून सत्र से पहले सोनिया का मास्टरप्लान! 15 जुलाई को कांग्रेस में मंथन….

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने 15 जुलाई को एक अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक उनके आवास 10 जनपथ पर होगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी शामिल होंगे। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में तय किया जाएगा कि संसद में सरकार को किन मुद्दों पर घेरा जाएगा। कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष इस बार संसद में पूरी तैयारी के साथ उतरने वाला है।

बताते चलें कि मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा। पहले यह सत्र 12 अगस्त तक होना था, लेकिन सरकार ने इसकी अवधि एक हफ्ते बढ़ा दी है। इस दौरान कुछ बेहद अहम बिल पेश किए जा सकते हैं — जैसे निजी कंपनियों को परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में एंट्री देने वाला बिल। इसके अलावा, बिहार में चुनाव आयोग द्वारा की गई खास मतदाता सूची में संशोधन को लेकर भी विपक्ष सरकार से तीखे सवाल पूछ सकता है। माना जा रहा है कि यह मुद्दा सत्र के दौरान खासा गरमाएगा।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर गरमाएंगे सियासी तेवर, सरकार को घेरेगा विपक्ष

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था। अब इस ऑपरेशन और इसके बाद की सरकार की कूटनीतिक कोशिशों को लेकर विपक्ष पूरी तरह हमलावर है। विपक्ष का कहना है कि इस मसले पर संसद में खुलकर चर्चा होनी चाहिए। साथ ही, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस पुराने बयान को लेकर भी विपक्ष सरकार से सफाई मांग रहा है, जिसमें उन्होंने भारत-पाक के बीच मध्यस्थता की बात कही थी। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप से फोन पर हुई बातचीत में साफ कर दिया था कि भारत कभी किसी मध्यस्थता को न पहले स्वीकार करता था, न अब करेगा।

मानसून सत्र में गरमाएंगे मुद्दे, विपक्ष ने कसी कमर

कांग्रेस ने जो बैठक बुलाई है, वो सिर्फ एक औपचारिक चर्चा नहीं, बल्कि मानसून सत्र के लिए विपक्ष की ठोस रणनीति तय करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार विपक्ष हर उस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगा, जो आम लोगों से जुड़ा है — फिर चाहे वो महंगाई हो, बेरोजगारी, या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंता।

रिपोर्ट:- कनक चौहान

Tagged:
[post-views]
Share
Now