पहाड़ों में फिर बर्फबारी- देशभर में फिर बढ़ी ठंड- जानिए मौसम का हाल…

बर्फ की चादर ओढ़े उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों से होकर आ रही शुष्क उत्तर पश्चिमी सर्द हवा उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में ठिठुरन और बढ़ाएगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। कई इलाकों में सुबह व रात में कहीं घना तो कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड भी शीतलहर की चपेट में है। पंजाब के आदमपुर में तो शनिवार को पारा 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाके सहित कई जिलों में शनिवार को सर्द हवा के साथ ठिठुरन भरी सर्दी बनी रही। दिन में हल्की धूप निकली। प्रदेश के पूर्वी अंचलों में शीतलहर का खासा असर रहा। बरेली मंडल में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, कानपुर में रात का तापमान सामान्य से कम रहा। प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान चुर्क रहा जहां रात का तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

उत्तराखंड में फिर मौसम में बदलाव के आसार : उत्तराखंड में अगले कुछ दिन में फिर मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम केंद्र देहरादून के अनुसार, दो फरवरी की रात व तीन फरवरी से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में एक अन्य औसत दर्जे के मौसमी बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल राज्य में कहीं-कहीं शीत लहर की स्थिति है। मैदानी क्षेत्रों में हल्के कोहरे व धुंध के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में पाला परेशानी का कारण बन रहा है। हरिद्वार व ऊधमसिंहनगर में हल्के से मध्यम तक कोहरा छाने की संभावना है।

राजस्‍थान के माउंट आबू में तापमान फिर शून्‍य से नीचे : राजस्‍थान के एकमात्र पर्वतीय पयर्टन स्‍थल माउंट आबू में पारा लगातार जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है। शुक्रवार रात यह शून्‍य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्‍य के अन्‍य इलाकों में भी सर्दी का जोर जारी है। बीते चौबीस घंटे में न्‍यूनतम तापमान सीकर में 0.5 डिग्री, भीलवाड़ा में 1.4 डिग्री, चुरू में 2.4 डिग्री, चित्‍तौड़गढ़ में 2.9 डिग्री, पिलानी में 3.4 डिग्री, गंगानगर में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू में बीते कई दिन से न्‍यनूतम तापमान शून्‍य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में न्‍यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

श्रीनगर में पारा -7.2 डिग्री पहुंचा :

 श्रीनगर में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इससे पूर्ववर्ती रात के शून्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान से थोड़ा अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में बारामूला के गुलमर्ग स्कीइंग स्थल पर न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे रहा जो उसकी पिछली रात के तापमान शून्य से 11.5 डिग्री नीचे से अधिक है। दक्षिण कश्मीर में पहलगाम पर्यटन स्थल पर पारा शून्य के 12.5 डिग्री नीचे तक चला गया जो उसकी पिछली रात के तापमान शून्य से 12 डिग्री नीचे से कम था। अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान के जमाव बिंदू के नीचे रहने की ही संभावना है क्योंकि मौसम वैज्ञानिकों ने दो फरवरी को घाटी में पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना व्यक्त की है।

पंजाब का आदमपुर सबसे सर्द : पंजाब और हरियाणा में ठंड का कहर जारी है। पंजाब के आदमपुर में पारा 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में भी जबरदस्त ठंड पड़ रही है और इन स्थानों पर तापमान क्रमश: 1.3, 5.8 और 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य तापमान से करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। वहीं, पठानकोट, हलवाड़ा, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.7, 2.9, 2.1, 1.6 और तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.9, 3.2 और 4.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share
Now