इलाहाबाद हाईकोर्ट से बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे और पूर्व विधायक अब्बास अंसारी को बड़ी राहत मिली है। भड़काऊ भाषण के मामले में मऊ की MP/MLA कोर्ट ने उन्हें 2 साल की सजा सुनाई थी, जिसके चलते उनकी विधानसभा सदस्यता भी खत्म कर दी गई थी और उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई थी। लेकिन अब हाईकोर्ट ने सजा पर रोक लगाते हुए फैसला पलट दिया है। इस आदेश से अब्बास की विधायकी बहाल होगी और मऊ सदर सीट पर उपचुनाव नहीं होगा।
यह पूरा मामला 2022 विधानसभा चुनाव का है। एक चुनावी रैली के दौरान अब्बास ने अधिकारियों को धमकी देते हुए कहा था कि पहले हिसाब-किताब होगा, फिर ट्रांसफर। इसी बयान पर FIR दर्ज हुई और बाद में निचली अदालत से उन्हें सजा मिली थी। अब हाईकोर्ट ने उनकी पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करते हुए सजा रद्द कर दी है, जिससे अब्बास के राजनीतिक करियर को फिलहाल राहत मिल गई है।






