लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । आम लोगों की समस्याओं के समाधान और प्रशासन से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
भूमि विवाद से पेंशन और आवास तक के मामले उठे
जन संवाद कार्यक्रम में भूमि एवं राजस्व संबंधी विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, विद्युत आपूर्ति, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच करने और पात्र मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
समय-सीमा के भीतर शिकायतों के निष्पादन का निर्देश
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन संवाद में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर निष्पादित किए जा सकने वाले मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए। वहीं, जिन मामलों में स्थल निरीक्षण, जांच या विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनमें निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्रवाई की होगी नियमित समीक्षा
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण करने के साथ ही शिकायतों के निष्पादन के बाद आवेदकों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना और उन्हें अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।
कार्यक्रम में संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






