उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में क्रिकेट मैच के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। आखिरी गेंद फेंकते ही तेज गेंदबाज अहमर खान अचानक मैदान पर गिर पड़े। साथी खिलाड़ियों ने तुरंत उनकी मदद की, CPR दिया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। कुछ ही पल पहले उन्होंने अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई थी, लेकिन उसके बाद जिंदगी से हार गए।
बता दे की यह मैच बिलारी के शुगर मिल मैदान में खेला जा रहा था, जहां यूपी वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन ने मुरादाबाद और संभल की टीमों के बीच टूर्नामेंट आयोजित किया था। रोमांचक मुकाबले में संभल को आखिरी चार गेंदों में 14 रन चाहिए थे, लेकिन अहमर की धारदार गेंदबाजी से मुरादाबाद ने 11 रन से मैच जीत लिया। जीत के तुरंत बाद अहमर पिच पर बैठ गए और फिर गिर पड़े साथी खिलाड़ियों की आंखों के सामने उनका चेहरा फीका पड़ गया।
दरअसल 50 वर्षीय अहमर खान मुरादाबाद की एकता विहार कॉलोनी के रहने वाले थे। वे नॉर्थ जॉन टीम के जाने-माने खिलाड़ी थे और हाल ही में कई मैचों में हिस्सा लिया था। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे, एक भाई और एक बहन हैं। जीत के जश्न के बीच हुए इस हादसे ने पूरे क्रिकेट समुदाय को गमगीन कर दिया है।






