जिला कलक्टर ने शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के दिए निर्देश
झालावाड़, 20 मार्च। जिले में जल एवं स्वच्छता मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर अजयसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पीपीटी के माध्यम से जल जीवन मिशन एवं ‘हर घर नल से स्वच्छ जल’ योजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में वृहद् पेयजल योजनाओं एवं एकल ग्राम योजनाओं के शेष कार्यों तथा रोड रिपेयर कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने ऐसे आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं स्वास्थ्य भवनों में, जहां अभी तक नल कनेक्शन नहीं है, वहां प्राथमिकता से कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगतिरत वृहद पेयजल योजनाओं के अंतर्गत स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कनेक्शन कर शत-प्रतिशत जल संबंध स्थापित करने पर जोर दिया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के परियोजना वृत झालावाड़ के अधीक्षण अभियंता अमर सिंह मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 2,60,395 घरों में जल संबंध का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें से 19 मार्च 2026 तक 1,96,332 घरों में जल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।
वर्तमान वित्तीय वर्ष के 37,408 एफएचटीसी लक्ष्य के विरुद्ध 12,583 (33.63 प्रतिशत) कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं। जिले के 691 ग्रामों में शत-प्रतिशत एफएचटीसी पूर्ण हो चुके हैं, जिनमें से 467 ग्रामों को ‘हर घर जल’ प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है।
ओटीएमपी के 126 ग्रामों में से 121 ग्रामों में कार्य प्रारंभ किया गया, जिनमें 103 ग्रामों में कार्य पूर्ण तथा 18 ग्रामों में कार्य प्रगतिरत है। जल स्रोत सूखने के कारण 5 ग्रामों को परियोजना वृत को हस्तांतरित किया गया है।
14 वृहद पेयजल योजनाओं में से 8 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 6 योजनाएं प्रगति पर हैं। इन प्रगतिरत योजनाओं में एफएचटीसी प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। राज्य स्तर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत झालावाड़ जिला 6वें स्थान पर है।
जिले में 8 से 22 मार्च 2026 तक ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ के अंतर्गत ग्राम स्तर से लेकर जिला एवं राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 22 मार्च को ‘विश्व जल दिवस’ जिला एवं ग्रामीण स्तर पर मनाया जाएगा।
बैठक में उप वन संरक्षक सागर पंवार, जिला परिषद् सीईओ शम्भू दयाल मीणा, अधीक्षण अभियंता अमर सिंह, के.एल. भदोरिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार पाटीदार, अधिशाषी अभियंता संजीव गौतम, सीताराम मीणा, प्रदीप कुमार, एचआरडी कंसल्टेंट राजेन्द्र कुमार शर्मा, हाइड्रोजियोलॉजिस्ट डॉ. विक्रम टाक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट






