रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली
शाहपुरा। गौसेवा और गौवंश संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले राजेश सैन को बालाजी गोवंश हेल्पलाइन ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के अध्यक्ष खुशराज वैष्णव ने उन्हें राजस्थान प्रांत प्रमुख पद पर नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति बालाजी गोवंश हेल्पलाइन के कोषाध्यक्ष भागचंद माली एवं मैनेजमेंट प्रभारी ओमप्रकाश साहू की अनुशंसा पर की गई है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि राजेश सैन लंबे समय से गौसेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और उन्होंने संगठन के विस्तार तथा सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
राजेश सैन ने घायल एवं असहाय गौवंश की सहायता, गौवंश संरक्षण अभियानों, जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा संगठनात्मक गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनकी कार्यशैली, समर्पण और सेवा भावना को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
बालाजी गोवंश हेल्पलाइन के अध्यक्ष खुशराज वैष्णव ने कहा कि संगठन को विश्वास है कि राजेश सैन के नेतृत्व में राजस्थान भर में गौसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य से जोड़ा जा सकेगा।
नियुक्ति के बाद राजेश सैन ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और पूरे राजस्थान में गौवंश संरक्षण एवं गौसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
इस नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गौभक्तों ने हर्ष व्यक्त करते हुए राजेश सैन को शुभकामनाएं दी हैं।






