उत्तराखंड के देहरादून से बादल फटने की घटना सामने आई है, जहां सहस्त्रधारा कारलीगाढ़ में बादल फटने से भारी तबाही हुई. बादल फटने से नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. सहस्त्रधारा के नजदीकी इलाकों में भी आपदा का असर देखने को मिला. इसकी वजह से सलोना मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. सहस्त्रधारा में आधी रात को बादल फटा, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई. सहस्त्रधारा के साथ डोईवाला में भी भारी बारिश के चलते लाल तप्पड़ में देहरादून-हरिद्वार हाईवे का पुल जाखन नदी की बाढ़ में डूब गया.
बादल फटने के बाद खतरे से बचने के लिए लोग रात को सड़कों पर आ गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि बादल फटने के बाद आए पानी के सैलाब में होटल भी आ गए. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर जिला प्रशासन, डीएम ने पहुंचकर मोर्चा संभाला. मौके पर राहत बचाव कार्य भी शुरू कर दिया है. SDRF, NDRF की टीम जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं. प्रभावित स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.
देहरादून में सोमवार से भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते देहरादून के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है. सड़कें तालाब बन गई हैं. ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगों को नदी नालों से दूर रहने के लिए कहा है. देहरादून के डोईवाला में भी देर रात से हो रही बारिश की वजह से हाहाकार मचा हुआ है. बाढ़ जैसे हालात यहां पैदा हो गए हैं और बाढ़ का पानी कई पुलों से होकर बह रहा है, जिस वजह से आवागमन ठप हो गया. डोईवाला के लाल तप्पड़ में देहरादून हरिद्वार हाईवे पुल भी जाखन नदी की बाढ़ में डूब गया.






