इन दिनों देशभर में मानसून ने तबाही मचा रखी है। पहाड़ों से लेकर मैदान तक भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कई राज्यों और शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच, शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जलभराव की वजह से दिक्कतें भी बढ़ गईं। कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
बारिश और जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी नेता आतिशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि मात्र 6 महीने में भाजपा सरकार ने दिल्ली को डुबो दिया है। इससे पहले गुरुवार को भी राजधानी में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश देखी गई थी, जिससे कई इलाकों में जलभराव और जाम की स्थिति बन गई थी। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बीते 24 घंटों में दिल्ली में 13.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार और शनिवार को भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए गए हैं।






