राहुल गांधी की “वोट अधिकार यात्रा” के दौरान दरभंगा में मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे जाने की घटना ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को पटना में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा ने सदाकत आश्रम (कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय) तक मार्च किया और राहुल गांधी तथा इंडिया गठबंधन के नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। इसी दौरान आश्रम में कथित तौर पर तोड़फोड़ हुई। भाजपा ने इसे पूरे देश के सम्मान का अपमान बताया है और इस घटना को गंभीर बताया है।
प्रदर्शन के दौरान एनडीए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। बताया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आश्रम के अंदर से एनडीए कार्यकर्ताओं पर पथराव किया, जिसके जवाब में एनडीए कार्यकर्ता उग्र हो गए और उन्होंने तोड़फोड़ की। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को शांत किया। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखा, अशोक राजपथ को जाम किया और भाजपा पर आरोप लगाए कि उन्होंने बिना किसी उकसावे के हमला किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस ने एनडीए कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






