बखरी, बेगूसराय। जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को बखरी अनुमंडल परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरभ ने की। बैठक में पर्व के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कूदन कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें। संदिग्ध गतिविधि या किसी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से भी पर्व के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में उपस्थित लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में जन्माष्टमी पर्व मनाने को लेकर अपना सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में , इंस्पेक्टर रामकुमार सिंह, इंस्पेक्टर गौतम कुमार, अपर थानाध्यक्ष पवन कुमार, राजद नेता सुमित चौरसिया, निशांत कुमार वर्मा, गौतम सिंह राठौर, जदयू गढ़पुरा प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार, जदयू नेता जवाहर राय, पूर्व मुखिया तुफैल अहमद खान समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।






