पाकिस्तान सरकार ने पहले बहिष्कार के फैसले से यू-टर्न लेते हुए टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने की मंजूरी दे दी है। मित्र देशों और आईसीसी के हस्तक्षेप के बाद 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मुकाबला खेले जाने का रास्ता साफ हो गया है।
पाकिस्तान सरकार ने क्या कहा?
- पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने हालिया घटनाक्रम पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पीसीबी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठकों के नतीजों पर भी चर्चा हुई।
- सरकार ने बताया कि बीसीबी की ओर से पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों की समीक्षा की गई, जिन्हें श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अन्य सदस्य देशों का समर्थन प्राप्त था। इन देशों ने मौजूदा गतिरोध को समाप्त करने के लिए पाकिस्तान से नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आग्रह किया था।
- पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के बयान का भी उल्लेख किया और कहा कि ‘भाईचारे की भावना के तहत व्यक्त की गई कृतज्ञता को गर्मजोशी से स्वीकार किया गया है।’ बयान में दोहराया गया कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
- इसके अलावा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच टेलीफोन पर बातचीत भी हुई। दोनों नेताओं ने याद किया कि चुनौतीपूर्ण समय में पाकिस्तान और श्रीलंका हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने मौजूदा विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया।
- इन सभी बहुपक्षीय चर्चाओं और मित्र देशों के आग्रहों को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान सरकार ने अंततः पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश दिया कि वह 15 फरवरी 2026 को होने वाले आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप के अपने निर्धारित मुकाबले में हिस्सा ले।






