लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों पोस्टर-पॉलिटिक्स का नया रंग देखने को मिल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ के समर्थन में लगे “आई लव योगी आदित्यनाथ” होर्डिंग्स के बाद अब समाजवादी पार्टी और उसके गठबंधन ने भी मैदान संभाल लिया है। राजधानी लखनऊ और कई जिलों में “आई लव अखिलेश यादव” और “आई लव पीडीए” (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) के पोस्टर लग गए हैं।
सियासी गलियारों में इसे भाजपा और सपा के बीच “आई लव पॉलिटिक्स” का नया अध्याय बताया जा रहा है। एक ओर बीजेपी योगी सरकार के कामकाज को जनता के बीच दिखाने की कोशिश में है, वहीं सपा और उसके सहयोगी पीडीए के नारे को ज़मीन पर उतारने में जुटे हैं।
बीजेपी का दावा है कि जनता का समर्थन योगी सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है। वहीं समाजवादी पार्टी का कहना है कि यूपी की असली ताकत पीडीए है और यही 2027 चुनाव में बाज़ी पलटेगा।
विशेषज्ञ मान रहे हैं कि पोस्टर-बैनर की यह जंग चुनावी साल में माहौल बनाने की शुरुआती कवायद है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक, ‘आई लव’ ब्रांडेड होर्डिंग्स अब चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा बन चुके हैं।






