Home / News / पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट के बीच नई ट्रेन को मंजूरी, सांसद शाम्भवी चौधरी के प्रयास से रेल यात्रियों को बड़ी राहत

पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट के बीच नई ट्रेन को मंजूरी, सांसद शाम्भवी चौधरी के प्रयास से रेल यात्रियों को बड़ी राहत

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

रोसड़ा को मिली रात्रिकालीन रेल सेवा की सौगात

समस्तीपुर। समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सांसद शाम्भवी चौधरी के लगातार प्रयासों के बाद पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट के बीच नई रात्रिकालीन ट्रेन संख्या 03215/03216 के परिचालन को मंजूरी मिल गई है। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से रोसड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पटना के लिए सीधी और सुविधाजनक रात्रिकालीन रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

लोकसभा में उठाई थी रेल सेवा की मांग

सांसद शाम्भवी चौधरी ने क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्रियों की आवश्यकताओं को लेकर लोकसभा में नियम 377 के तहत मांग उठाई थी। इसके बाद उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात कर समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार तथा यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा था। सांसद के लगातार प्रयासों के बाद नई रात्रिकालीन ट्रेन के परिचालन को मिली मंजूरी को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

विद्यार्थियों से लेकर कारोबारियों तक को होगा फायदा

नई रात्रिकालीन ट्रेन के परिचालन से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है। रात में पटना आने-जाने की सुविधा उपलब्ध होने से यात्रियों के समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी। रोसड़ा एवं आसपास के इलाकों के लोगों के लिए यह सेवा राजधानी पटना से बेहतर संपर्क स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

रोसड़ा स्टेशन को पहले भी मिल चुकी है बड़ी सौगात

रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में सांसद शाम्भवी चौधरी के प्रयासों की यह एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पहले सितंबर 2025 में लोकमान्य तिलक टर्मिनस–सहरसा अमृत भारत एक्सप्रेस (11015/11016) का रोसड़ा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराया गया था। अब नई रात्रिकालीन ट्रेन की स्वीकृति से रोसड़ा और आसपास के यात्रियों को पटना के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

रेल सुविधाओं के विस्तार पर सांसद का जोर

सांसद कार्यालय की ओर से बताया गया कि शाम्भवी चौधरी ने नई ट्रेन की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ संबंधित स्तर पर उठाया जाता रहेगा। क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now