विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी और संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्त्ताओं ने मुख्य भूमिका निभाई है। उनकी मेहनत के बल पर ही आज भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव हासिल हुआ है। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाने की अपील की।
ग्राम छरबा में पार्टी के कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक में विधायक मुन्ना सिंह चौहन ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्त्ता पूरी मेहनत व लगन के साथ पार्टी व संगठन की मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं। बैठक में ग्राम छरबा के पूर्व ग्राम प्रधान मुन्ना खान, रुमीराम जसवाल, डाकपत्थर डिग्री कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष प्रिंस राणा, उप प्रधान रंजीत जसवाल, भूमि सिंह, प्रदीप, योगेंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार, प्रेम सिंह, पृथ्वी सिंह चंदेल, पूनम, अजीत कुमार उपस्थित रहे।
जन सेवा में मुख्य भूमिका निभा रहा निरंकारी मिशन
क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि संत निरंकारी मिशन जनता की सेवा के मामले में मुख्य भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मिशन के माध्यम से चलाए जा रहे जन सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी को उनकी कार्यशैली व विचारों का का अनुसरण करना चाहिए।
संत निरंकारी मिशन की विकासनगर शाखा की ओर से नगर में लगे रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने पहुंचे विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि समाज सेवा सबसे बड़ी सेवा है। समाज में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व बनता है कि विषम परिस्थितियों में एक दूसरे के काम आए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ी कोई दूसरी सेवा नहीं हो सकती। इसके माध्यम से रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति की जान बचाने में सहयोगी बनता है।
उन्होंने शिविर में क्षेत्रवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को रक्तदान जैसी गतिविधि में शामिल होना चाहिए। उन्होंने संत निरंकारी मिशन स्कूल, अस्पताल व अन्य माध्यमों से जनता की सेवा जैसे कार्य की सराहना की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुंवाठा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, मुकेश शर्मा, जितेंद्र रिंकू उपस्थित रहे।