देश में लागू होगा लॉकडाउन 5.0 ….?

1 जून से देश में लॉकडाउन बढ़ेगा या खत्म होगा? लॉकडाउन में छूट मिलेगी या सख्ती फिर बढ़ेगी? सबके मन में अभी इसी तरह के सवाल हैं। इस बीच पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह मंथन में जुटे हैं। राज्यों से फीडबैक लेने के बाद गृहमंत्री अमित शाह पीएम मोदी से चर्चा करने के लिए पहुंचे हैं। कई राज्यों ने लॉकडाउन 5.0 की जरूरत बताई है तो कुछ राज्यों ने अधिक छूट की मांग की है।

लॉकडाउन का चौथा चरण 31 मई को खत्म हो रहा है। ऐसे में गृह मंत्री ने गुरुवार शाम को सभी मुख्यमंत्रियों के साथ फोन पर बातचीत करके उनसे लॉकडाउन के विषय में राय मांगी। सूत्रों के अनुसार शाह ने उनसे जानना चाहा कि लॉकडाउन को बढ़ाया जाना चाहिए या नहीं। 

राज्यों की समस्याओं को सुना

शाह ने अर्थव्यवस्था को खोलने और विभिन्न राज्यों की आशंकाओं और समस्याओं को सुना। पश्चिम बंगाल जैसे राज्य श्रमिक ट्रेनों की शुरुआत होने पर बड़े पैमाने पर प्रवासियों को लेकर चिंतित थे। जब भी लॉकडाउन की अवधि खत्म होने वाली होती है तब आमतौर पर प्रधानमंत्री सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक करते हैं। लेकिन फिलहाल ऐसी कोई घोषणा नहीं हुई है।

हालांकि, 31 मई को पीएम मोदी मन की बात में देश को संबोधित करेंगे। इसमें वह लॉकडाउन को लेकर आगे की रणनीति का खुलासा कर सकते हैं। 

Share
Now