Home / News / मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : जिलाधिकारी

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने तथा जीविका समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में समस्तीपुर में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

उन्होंने कहा कि जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में ऐसे बिक्री केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा और जीविका दीदियों को अपने उत्पादों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं जीविका कर्मियों को निर्देश दिया कि बिक्री केंद्र के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान जीविका से जुड़ी महिलाओं एवं लाभुकों को महिला रोजगार तथा आजीविका संवर्धन से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। लाभुकों ने जीविका सुधा बिक्री केंद्र की शुरुआत को महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जीविका कर्मी, जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं एवं लाभुक उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now