लॉर्ड्स की ऐतिहासिक पिच पर भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जो रूट की शानदार सेंचुरी (104 रन) की बदौलत पहली पारी में 387 रन ठोक दिए। लेकिन भारतीय टीम भी पीछे हटने को तैयार नहीं है।टीम इंडिया की शुरुआत मजबूत रही और खासतौर पर केएल राहुल का बल्ला खूब बोला। राहुल ने एक और शानदार अर्धशतक जमाया और यह पारी उनके लिए खास बन गई। इसी के साथ उन्होंने वीरेंद्र सहवाग और पाकिस्तान के सईद अनवर को पीछे छोड़ते हुए SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में एशियाई सलामी बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज़्यादा 50+ स्कोर की लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। अब उनके नाम यहां 11 फिफ्टी+ स्कोर हैं।
सुनील गावस्कर इस लिस्ट में टॉप पर हैं, जबकि श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने दूसरे नंबर पर हैं। राहुल की यह पारी बताती है कि विदेशी जमीन पर भी वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं।इस वक्त क्रीज पर केएल राहुल के साथ ऋषभ पंत मौजूद हैं और दोनों ही बल्लेबाज़ भारत को एक बड़े स्कोर की ओर ले जाने की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर है और फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया पलटवार जरूर करेगी।






