उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। स्थानीय पुलिस ने करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी का मुख्य कारण पुलिसकर्मियों से मारपीट करना बताया जा रहा है। यह वही योगेंद्र सिंह राणा हैं, जिन्होंने हाल ही में समाजवादी पार्टी (सपा) की कैराना लोकसभा सांसद इकरा हसन पर विवादित टिप्पणी करते हुए “इकरा हसन से निकाह कबूल है” जैसे आपत्तिजनक बयान दिए थे, जिससे सोशल मीडिया पर भारी विवाद हुआ था।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात मझोला थाना क्षेत्र में 7-8 लोग नशे की हालत में झगड़ा कर रहे थे। सूचना मिलते ही मझोला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पहुंची टीम को नशे में धुत लोगों ने बदसलूकी की और विरोध करने पर मारपीट की। इस दौरान ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा और उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। पुलिस ने दो लोगों को मौके से ही हिरासत में ले लिया था, जबकि योगेंद्र सिंह राणा को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया, देर रात झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। सभी आरोपी नशे में थे और उन्होंने पुलिस टीम के साथ बदतमीजी की। योगेंद्र सिंह राणा पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, बदसलूकी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है। पुलिस ने फिलहाल योगेंद्र को कोर्ट में पेश किया है, जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाकियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित है।






