जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ज़िले में सोमवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गुडार जंगल इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना, सीआरपीएफ और पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान आतंकियों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई।
घंटों चली गोलीबारी में दो आतंकी मारे गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय था जबकि दूसरा विदेशी आतंकी था, जिसका कोड नाम ‘रहमान भाई’ था। सेना का कहना है कि यह आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था और लंबे समय से घाटी में सक्रिय था।
इस एनकाउंटर में भारतीय सेना के तीन जवान भी घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दो वीर सैनिकों ने देश के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है, ताकि अन्य आतंकियों का पता लगाया जा सके।






