अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने के बाद भारत और रूस की दोस्ती नई ऊंचाइयों पर पहुंचती दिख रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के हालिया मॉस्को दौरे के बाद अब विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी 21 अगस्त को रूस जाएंगे। वहां वे रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावारोव से मुलाकात करेंगे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग, द्विपक्षीय रिश्तों के साथ-साथ साल के अंत में होने वाली पुतिन की संभावित भारत यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा करेंगे।
यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब भारत-अमेरिका संबंधों में खटास बढ़ गई है। अमेरिका ने रूस से तेल खरीद और यूक्रेन युद्ध में कथित सहयोग का हवाला देते हुए टैरिफ लगाया है और साथ ही पाकिस्तान से रिश्ते मजबूत करने में जुटा है। वहीं, डोभाल की रूस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा तकनीक, विमान निर्माण, धातु और रसायन उद्योग जैसे कई रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी, जिससे भारत-रूस की साझेदारी और मजबूत होने के आसार हैं।






